हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो (छोटेलाल पाण्डेय)
महराजगज : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महराजगंज के विकासखंड पनियरा के आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 315.95 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते। हुए प्रथम किस्त के रूप में रू 01 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गयी तथा अनावासीय भवनों के निर्माण हेतु 182.04 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किस्त के रूप में रू 50 लाख की धनराशि अवमुक्त किये जाने की स्वीकृति प्रदान की गयी । इस धन को स्वीकृत करने में पनियरा के ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला का अथक प्रयास रहा । इस सम्बन्ध में आवश्यक शासनादेश उत्तर प्रदेश शासन, ग्राम्य विकास विभाग द्वारा जारी कर दिया गया है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत धनराशि का व्यय निर्धारित समय सीमा के अंदर अनिवार्य रूप से कर लिया जाए तथा कार्य गुणवत्तापूर्ण व मानकों के अनुरूप होना चाहिए।
आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग जी एस प्रियदर्शी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं इन कार्यों हेतु जारी शासनादेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं विशिष्टयों के अनुसार करायें जांय और धनराशि का व्यय चालू वित्तीय वर्ष में किया जाना सुनिश्चित किया जाए।
