आशनाई के चक्कर में लड़की के चचेरे भाई ने लड़के पर बरसाई थी गोली

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

भिटौली थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर शिवाला का मामला

उमेश चन्द्र त्रिपाठी

यूपी/महराजगंज! महराजगंज में आशनाई के चक्कर में लड़की के चचेरे भाई ने लड़के पर गोलियां बरसा दीं। इस घटना के बाद वह घायल हो गया। इसके बाद लड़के को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत होने की वजह से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गोली मारने वाले युवक ने देर रात ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। पूरा मामला जिले के भिटौली थाना क्षेत्र का है।

लक्ष्मीपुर शिवाला गांव में रहने वाले जनार्दन चौधरी के 16 साल के बेटे सतीश चौधरी की हत्या हुई है। सतीश उनका अकेला लड़का था। उसने 10 वीं पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। जनार्दन चौधरी राजस्थान में रहकर खाना बनाने का काम करते हैं।

सतीश घर पर ही रहकर खेती-बारी करता था। डॉक्टरों के मुताबिक, सतीश को तीन गोलियां लगी हैं। इसमें एक गोली कान को छूते हुए निकली, एक गोली सीने में लगी और एक पेट में लगी है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। अधिकारियों के निर्देश पर गांव में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। भिटौली थाने के प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्त ने बताया कि हत्यारोपी के चचेरी बहन से मृतक का सम्बंध था। इसी से नाराज होकर गोली मार दी। मृतक के परिजन लगातार पुलिस से न्याय की गुहार कर रहे हैं।

मौके पर पहुंचे एसपी सोमेंद्र मीणा ने बताया कि सतीश को उसी के गांव के प्रद्युम्न ने गोली मार दी थी। इस सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौका मुआयना किया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर ली गई है। आरोपी को असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *