संविधान दिवस पर याद किए गए डॉ भीमराव अम्बेडकर

महाराजगंज

– ग्राम प्रधान बृजेश यादव के नेतृत्व में मनाया गया संविधान दिवस

घुघली, महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स) :

घुघली ब्लाक के ग्रामसभा बिरैचा में ग्राम प्रधान बृजेश यादव की अध्यक्षता में संविधान दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस क्रम में संविधान निर्माता डाॅ भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया गया।
इसके बाद उपस्थित ग्राम वासियों और जनप्रतिनिधियों के द्वारा संविधान की उद्देश्यिका को पढा़ गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान बृजेश यादव ने कहा कि भारत का संविधान 26 अगस्त 1949 को बनकर तैयार हुआ था। संविधान सभा के गठन समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती वर्ष के रूप में 26 नवंबर 2015 को पहली बार भारत सरकार द्वारा पूरे भारत में संविधान दिवस मनाया गया और 26 नवंबर 2015 से प्रत्येक वर्ष पूरे भारत में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इससे पहले इसे राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था। 26 जनवरी 1950 को संविधान अमल में लाया गया।

इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव दीप्ति जायसवाल ने भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा में शामिल रही तमाम विभूतियों को याद करते हुए कहा कि संविधान हम भारतीयों के लिए प्रेरणादायक और जीवन्त दस्तावेज है और स्वतंत्र भारत का आधुनिक धर्म ग्रंथ है, जो हम सबका मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि संविधान को देश के हर नागरिक ने अंगीकृत किया है, इसलिए संविधान के वास्तविक संरक्षक हम भारत के लोग ही हैं। संविधान जहां एक और नागरिकों को सशक्त करता है, वहीं दूसरी ओर नागरिक भी अपने आचरण और व्यवहार से संविधान का संवर्द्धन और संरक्षण करते हैं। संविधान किसी एक का नहीं बल्कि सभी का संरक्षक है। इसलिए उसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी हम सभी की है।

इस अवसर पर पंचायत सहायक पंकज कुमार, सदस्य सूर्य नारायन, लियाकत, राजेश, सुनील, रामअवध, श्रीमती अनीता देवी, श्रीमती जामवन्ती देवी, श्रीमती दर्मवती देवी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *