राज्य व जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को डीएम ने किया सम्मानित
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर आयोजित ‘महराजगंज खेल रत्न पुरस्कार-2026’ समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज की प्रतिभावान छात्राओं नीलू पांडे एवं आराध्या पटेल को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक अवनीश अवस्थी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान जनपद के विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
इसी क्रम में हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज की छात्रा नीलू पांडे को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने की उपलब्धि पर जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय की दूसरी प्रतिभावान छात्रा आराध्या पटेल को भी खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
दोनों छात्राओं ने जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे जनपद महराजगंज का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दोनों छात्राओं सहित अन्य खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
विद्यालय परिवार ने नीलू पांडे एवं आराध्या पटेल की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों छात्राओं को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



