अनियंत्रित बाइक से गिरकर महिला की मौत, रक्षाबंधन मनाकर लौट रही थी घर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


घर के समीप हुआ हादसा, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। रक्षाबंधन पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए उस समय मातम में बदल गईं, जब भाई के घर से त्योहार मनाकर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा महिला के घर के समीप ही हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


मृतका की पहचान रेहवा गांव निवासी रामराज की पत्नी अनारी (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनारी रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई के घर बड़हरा गई थीं। पर्व मनाने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रही थीं।


बताया जाता है कि जैसे ही वह रेहवा गांव में अपने घर के समीप पहुंचीं, अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे अनारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।


महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। अचानक हुए इस हादसे से गांव में भी शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *