आठवीं की मान्यता, नौवीं-दसवीं की पढ़ाई!

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


लखिमा थरुआ के स्कूल पर उठे सवाल, दूसरे कॉलेज से पंजीकरण का भी आरोप

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। सदर विकासखंड के लखिमा थरुआ स्थित श्री राम अवध दास कन्या जूनियर हाईस्कूल की शैक्षिक व्यवस्था सवालों के घेरे में है। आरोप है कि विद्यालय को कक्षा आठ तक की मान्यता है, इसके बावजूद परिसर में कक्षा नौवीं और दसवीं की पढ़ाई कराई जा रही है।


मामला यहीं नहीं रुकता। आरोप है कि हाईस्कूल के विद्यार्थियों का पंजीकरण बड़हरा मीर स्थित एक इंटर कॉलेज के माध्यम से कराया गया है, जबकि पढ़ाई लखिमा थरुआ के इसी विद्यालय में होने की बात सामने आ रही है। यदि ऐसा है तो बिना हाईस्कूल की मान्यता वाले परिसर में नौवीं-10वीं की कक्षाएं संचालित होने का जिम्मेदार कौन है?


विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अभिलेखों में दर्ज शिक्षकों और मौके पर पढ़ाने वाले शिक्षकों में अंतर है। प्रबंधन से जुड़े लोगों के शिक्षक व प्रधानाध्यापक की भूमिका में होने के आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।


मामले में विद्यालय की मान्यता, शिक्षक अभिलेख, शैक्षिक योग्यता, उपस्थिति पंजिका और विद्यार्थियों के पंजीकरण की जांच अहम होगी। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि अतिरिक्त कक्षाएं बिना मान्यता संचालित हो रही थीं तो शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?
जांच के बाद खुलेगा राज


सदर ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी वंशीधर सिंह ने कहा कि मामला गंभीर है। वह मौके पर जाकर जांच करेंगे। आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *