भैंसा गांव में पति-पत्नी के विवाद ने लिया हिंसक रूप, आरोपी हिरासत में
परतावल/महराजगंज। रक्षाबंधन के अवसर पर मायके आई एक विवाहिता पर उसके पति द्वारा कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना भिटौली थाना क्षेत्र के भैंसा गांव की है। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र के सिसवनिया गांव निवासी नीलम वर्मा (30) शुक्रवार को अपने पति जय वर्मा तथा दोनों बच्चों मनीष (11) और शिवानी (7) के साथ रक्षाबंधन पर्व पर अपने मायके भैंसा गांव आई थी। दोपहर करीब 12 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
परिजनों के अनुसार देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित पति ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर नीलम पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और महिला की मां सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह बीच-बचाव करते हुए आरोपी के हाथ से कुल्हाड़ी छीनी।
घायल नीलम को तत्काल इलाज के लिए सीएचसी परतावल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने घर में तोड़फोड़ भी की।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति जय वर्मा को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

