रास्ते में रखा ईंट विवाद में हुई हिंसक संघर्ष में 13 नामजद समेत 14 पर केस दर्ज

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल स्थित वार्ड संख्या छह (कुर्मी टोला) में रास्ते के किनारे ईंट रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामले में पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 13 नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, इलाके में पहले से चली आ रही रंजिश के बीच शनिवार को रास्ते पर ईंट रखने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। रविवार को यह विवाद अचानक उग्र हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।


हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल 10 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन घायलों का उपचार जिला अस्पताल महराजगंज में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल पप्पू यादव को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


पीड़ित राजेन्द्र की तहरीर पर पुलिस ने रामनयन, रामनरेश, केशरा, नेती, गुड़िया, कुशमी, पप्पू यादव, सचिन, निखिल, शिल्पी, खुशी, उर्मिला देवी तथा एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध बलवा, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।


थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर तथ्यों की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *