निचलौल में भीषण सड़क हादसा, चार युवकों की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

डपर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में गई चार युवाओं की जान, एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज।  निचलौल थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। ग्राम दमकी स्थित भारत गैस एजेंसी के सामने मुख्य सड़क पर बाइक और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, दोपहिया वाहन संख्या UP56BK6880 महराजगंज से निचलौल की ओर जा रहा था, जबकि डंपर संख्या UP53JT5551 निचलौल से महराजगंज की ओर आ रहा था। दमकी गांव के पास दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सनी (18), विवेक (18), किशन (18) और शिव (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों युवक ग्राम पचमा, थाना निचलौल के निवासी बताए गए हैं।

सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। घटना को लेकर क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *