श्रावण के अंतिम सोमवार पर लगेगा भव्य मेला, नेपाल के त्रिवेणी धाम से गंगाजल लेकर पहुंचेंगे हजारों कांवड़िए

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को सिसवा ब्लॉक के हरपुर पकड़ी स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध बउरहवा बाबा धाम में आस्था का भव्य संगम देखने को मिलेगा।

आगामी 24 अगस्त को यहां विशाल मेले का आयोजन होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मेले से करीब दो दिन पहले नेपाल के त्रिवेणी धाम से गंगाजल लेकर हजारों कांवड़िए पैदल यात्रा करते हुए बउरहवा बाबा धाम पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद सोमवार की भोर से ही श्रद्धालुओं और कांवड़ियों द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय होने की उम्मीद है।

ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि मेले की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। इस बार श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया है, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बउरहवा बाबा धाम को लेकर क्षेत्र में कई पौराणिक मान्यताएं प्रचलित हैं। मान्यता है कि काशी से हिमालय की ओर जाते समय माता पार्वती के आग्रह पर भगवान शिव ने इसी स्थान पर ‘बउरहवा’ स्वरूप धारण किया था। तभी से यह स्थान बउरहवा बाबा धाम के नाम से प्रसिद्ध हुआ और कालांतर में यह क्षेत्र श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया।

श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कोठीभार के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर समेत मेले के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल, उपनिरीक्षक एवं महिला आरक्षियों की तैनाती की जाएगी।
भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेले में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, महिलाओं से अभद्रता करने या किसी तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *