जननायक एक्सप्रेस में यात्री की मौत, सिसवा स्टेशन पर करीब एक घंटे रुकी ट्रेन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज। पंजाब से अपने घर दरभंगा लौट रहे एक यात्री की मंगलवार देर शाम जननायक एक्सप्रेस में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गोरखपुर और सिसवा के बीच हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। सिसवा स्टेशन पहुंचने पर मृतक के साथियों ने शव को ट्रेन से उतारा और रेलवे कर्मचारियों को सूचना दी।
मृतक की पहचान दरभंगा जिले के केवट गामा निवासी अर्जुन यादव (40) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अर्जुन पंजाब के सुंदरनगर में सिलाई का काम करता था। वह अपने साथी पंकज यादव और सजित यादव के साथ जननायक एक्सप्रेस से घर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन काफी समय से बीमार चल रहा था। मंगलवार को यात्रा के दौरान गोरखपुर और सिसवा के बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथियों और सहयात्रियों ने उसे संभालने तथा मदद पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी सांसें थम गईं।
ट्रेन शाम करीब सात बजे सिसवा स्टेशन पहुंची। यहां साथियों ने अर्जुन के शव को ट्रेन से नीचे उतारा और रेलवे कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी।

यात्री की मौत के बाद जननायक एक्सप्रेस सिसवा स्टेशन पर करीब एक घंटे तक रुकी रही, जिससे स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
ड्यूटी पर तैनात सहायक स्टेशन मास्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि यात्री की मौत की सूचना रेलवे कंट्रोल को दे दी गई है। जीआरपी को भी मामले की जानकारी दी गई है।

जीआरपी के पहुंचने के बाद शव के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अर्जुन की मौत से उसके साथ यात्रा कर रहे साथी सदमे में हैं। घटना की सूचना परिवार के लोगों को दे दी गई है। शव को घर ले जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मौत का वास्तविक कारण जीआरपी की जांच और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *