हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
निचलौल/महराजगंज। सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर मंगलवार की शाम दमकी गांव के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। चारों युवक पचमा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं और बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निचलौल की ओर जा रहे थे। घटना की खबर मिलते ही चारों परिवारों में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान पचमा निवासी सन्नी (19), किशन (18), विवेक (18) और शिव (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक और शिव सगे भाई थे। वहीं सन्नी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम चारों युवक किसी परिचित की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए बाइक से निचलौल की ओर निकले थे। दमकी गांव के पास पहुंचने के दौरान उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि चारों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर जैसे ही पचमा गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों से युवक कुछ देर पहले खुशी के माहौल में बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकले थे, उन्हीं घरों में देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीण बड़ी संख्या में मृतकों के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया। दो सगे भाइयों की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। चारों युवकों को सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

