सिसवा बाजार के विकास को मिली बड़ी सौगात, 2.57 करोड़ के निर्माण कार्यों को शासन की मंजूरी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सीएम-विएनवाई योजना के तहत डिजिटल स्टडी सेंटर, स्कूलों के कायाकल्प और स्मार्ट क्लास समेत सीसी रोड-नाली का होगा निर्माण


हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी


सिसवा बाजार/महराजगंज। जनपद के नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में नगरीय सेवाओं और अवस्थापना विकास को गति देने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (CM-VNY) के तहत नगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 57 लाख 16 हजार 620 रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही स्वीकृत धनराशि की प्रथम किश्त के रूप में 1 करोड़ 28 लाख 58 हजार 310 रुपये अवमुक्त किए जाने को भी मंजूरी मिली है।


शासन की ओर से जारी स्वीकृति के अनुसार नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार में शिक्षा, बुनियादी सुविधाओं और सड़क-नाली निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इससे नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में रहने वाले लोगों को सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
स्वीकृत परियोजनाओं में नगर पालिका कार्यालय परिसर स्थित वार्ड नंबर-19 शिवाजी नगर में डिजिटल स्टडी सेंटर का निर्माण प्रमुख है। डिजिटल स्टडी सेंटर बनने से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


स्कूलों का होगा कायाकल्प, बनेंगी स्मार्ट क्लास
योजना के तहत वार्ड नंबर-6 आजाद नगर के मुसहरी टोला और वार्ड नंबर-20 दीनदयाल उपाध्याय नगर के सबया दक्षिण टोला स्थित प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प एवं स्मार्ट क्लास निर्माण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसी क्रम में वार्ड नंबर-13 देवी नगर के देबियापुर, वार्ड नंबर-9 सरोजनी नगर के बरवा सालिकराम तथा वार्ड नंबर-14 मुखर्जी नगर के बैजनाथपुर में स्थित प्राथमिक/उच्च माध्यमिक विद्यालयों के कायाकल्प एवं स्मार्ट क्लास निर्माण का कार्य कराया जाएगा।


नगर क्षेत्र में आवागमन और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीसी रोड एवं नाली निर्माण का कार्य भी स्वीकृत परियोजना में शामिल किया गया है। इससे संबंधित क्षेत्रों में सड़क और जलनिकासी की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
शासन ने कुल 257.1662 लाख रुपये की परियोजनाओं के सापेक्ष 50 प्रतिशत यानी 128.5831 लाख रुपये की प्रथम किश्त जारी करने की स्वीकृति दी है। शासन ने स्पष्ट किया है कि धनराशि का उपयोग निर्धारित कार्यों पर ही किया जाएगा और नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी कर वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ही इसका व्यय किया जा सकेगा।


निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा। योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति के साथ निर्माण कार्यों के फोटोग्राफ भी निर्धारित डैशबोर्ड पर अपलोड किए जाएंगे।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द शुरू कराकर समय से पूरा कराया जाए। कार्य पूर्ण होने के बाद कार्यपूर्ति प्रमाण पत्र भी शासन एवं संबंधित विभाग को उपलब्ध कराया जाएगा।


मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत मिली यह स्वीकृति सिसवा बाजार के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। डिजिटल शिक्षा से लेकर विद्यालयों के कायाकल्प, स्मार्ट क्लास, सड़क और नाली निर्माण तक विभिन्न कार्यों के लिए धनराशि मिलने से नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *