हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल, महराजगंज। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को परतावल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। ब्लॉक परिसर से शुरू हुई यात्रा नगर पंचायत परतावल के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः ब्लॉक परिसर पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तिरंगा यात्रा के समापन के बाद ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, भाजपा युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल एवं मंडल प्रभारी अजय लाल श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों के भीतर राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह एवं मंडल प्रभारी अजय लाल श्रीवास्तव ने किया, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा एवं मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल ने की।
मातृशक्ति की भी रही बढ़-चढ़कर भागीदारी
तिरंगा यात्रा में भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं और मातृशक्ति ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। भाजपा नेत्री शुभलक्ष्मी सिंह, मंडल अध्यक्ष ममता भारती, रीता सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
यात्रा में परतावल चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, व्यापारी नेता बलराम गुप्ता, मनोनीत सभासद तेज प्रताप मोदनवाल, मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोहर मद्धेशिया, महामंत्री अजय गौतम, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अंगद गुप्ता, पूर्व प्रधान गणेश पांडेय, पूर्व प्रधान देवेंद्र उपाध्याय, पूर्व मंडल अध्यक्ष उमेश गुप्ता, देवराज सिंह, दिलीप चौधरी, अंबुज शुक्ला, बलराम उपाध्याय, योगेंद्र पाण्डेय, दीपक पाण्डेय, सूरज अग्रहरि, आकाश, शिवम दुबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे नगर में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।

