इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर मानकविहीन इंटरलॉकिंग कार्य की शिकायत करना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। मौके पर जांच के दौरान संबंधित जेई और वार्ड सभासद प्रतिनिधि द्वारा पत्रकार से अभद्रता और धमकी भरे लहजे में बात करने का आरोप लगा है।
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रवक्ता एवं पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी, निवासी नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर 6 आज़ाद नगर, ने वार्ड सभासद के दरवाज़े से होते हुए रामपुर चौबे रोड तक कराए जा रहे कथित मानकविहीन इंटरलॉकिंग कार्य की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर की थी। आरोप है कि जांच आख्या लगाने वाले संबंधित जेई ने वास्तविक स्थल के बजाय किसी अन्य स्थान पर कराए गए नाली व इंटरलॉकिंग निर्माण की फोटो अपलोड कर शिकायत को जल्दबाजी में निस्तारित कर दिया।
इस पर पत्रकार द्वारा पुनः सही स्थल की जांच की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के करीब एक सप्ताह बाद नगर पंचायत के कर्मचारी ने फोन कर मौके पर आने को कहा। जब पत्रकार करुणाकर राम त्रिपाठी अपने साथी पत्रकार अमित मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे, तो संबंधित जेई कथित तौर पर भड़क गए।
पत्रकार द्वारा पोर्टल पर अपलोड गलत आख्या व फोटो दिखाने पर जेई ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि आख्या सही थी, अपलोड किसी और ने गलत कर दिया। इसी दौरान पहुंचे वार्ड सभासद प्रतिनिध पर आरोप है कि उन्होंने पत्रकार से बदतमीजी की और धमकी दिया।
इस घटनाक्रम से आक्रोशित इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के पत्रकारों ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। वही सभासद प्रतिनिधि ने आरोप को गलत बताया है।ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला प्रवक्ता करुणाकर राम त्रिपाठी, जिला कार्यकारिणी सदस्य अमित मिश्रा, तहसील उपाध्यक्ष महेश विश्वकर्मा, तहसील मीडिया प्रभारी राम आशीष विश्वकर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

