जड़ार ग्राम सभा में वर्षों पुराने रास्ता विवाद ने फिर पकड़ा तूल, ग्रामीणों ने राजस्व विभाग से पैमाइश कराकर रास्ता बहाल कराने की उठाई मांग
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
पनियरा (महराजगंज)। पनियरा विकासखंड के ग्राम सभा जड़ार में रास्ते को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद एक बार फिर गहरा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सार्वजनिक आवागमन का रास्ता अवरुद्ध कर दिए जाने से कई परिवारों के सामने खेत-खलिहान तक पहुंचने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। इससे ग्रामीणों का दैनिक जीवन और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पीड़ित ग्रामीण जगदीश दास, बेचन दास, बजरंग बली, राम केशव दास, राम निहोरा, गोरख पटेल, विमलेश, मोहन यादव, गजाधर पटेल, विश्वनाथ यादव, संजय पटेल, विनोद पटेल सहित अन्य लोगों ने बताया कि जिस रास्ते से वर्षों से आवागमन होता रहा है, वह निर्माण कार्य के दौरान बंद कर दिया गया है। इससे खेतों, खलिहानों और अन्य जरूरी स्थानों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 25 वर्ष पूर्व भी इसी स्थान पर रास्ते और भूमि को लेकर विवाद हुआ था। उस समय पंचायत स्तर पर आपसी सहमति से मामला सुलझाया गया था तथा भविष्य में स्थायी निर्माण होने की स्थिति में रास्ते के लिए पर्याप्त स्थान छोड़े जाने पर सहमति बनी थी। आरोप है कि वर्तमान निर्माण कार्य के दौरान उस समझौते का पालन नहीं किया गया, जिससे विवाद दोबारा खड़ा हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जानकारी पंचायत और पुलिस को दी जा चुकी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण भी किया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति को उसके खेत या खलिहान तक पहुंचने के रास्ते से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग की टीम से मौके की पैमाइश कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराई जाए तथा सभी प्रभावित परिवारों के लिए आवागमन का वैकल्पिक एवं स्थायी मार्ग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवाद और तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो।



