दो मासूमों की जिंदगी बचाने में कुर्बान हो गई अपनी जान, सिहाभार के जगदीश गौतम की बहादुरी को सलाम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। नौतनवा ब्लॉक क्षेत्र के बरगदवा थाना अंतर्गत ग्राम सभा सिहाभार में गुरुवार को मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी जगदीश गौतम (सरला) ने पानी में डूब रहे दो बच्चों की जान बचाने के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। बच्चों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में वह स्वयं गहरे पानी में समा गए और उनकी मौत हो गई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव के घोला (ढेलहा) में दो बच्चे अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही जगदीश गौतम बिना देर किए पानी में कूद पड़े। उन्होंने बच्चों को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वह खुद गहरे पानी में फंस गए और डूब गए।


घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद ग्रामीणों ने जगदीश गौतम को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।


इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जगदीश गौतम के साहस और निस्वार्थ भाव की सराहना करते हुए उन्हें मानवता का सच्चा नायक बताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


जगदीश गौतम का यह बलिदान लंबे समय तक क्षेत्र के लोगों के लिए साहस, संवेदनशीलता और मानवता की प्रेरणादायक मिसाल बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *