सीएम पब्लिक स्कूल में नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा का भव्य समापन

Blog उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। जनपद के ॐ नगर खेमपिपरा स्थित सीएम पब्लिक स्कूल में 15 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक आयोजित नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं पावन प्रज्ञा पुराण कथा श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुई। चार दिनों तक चले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन प्रातः काल हवन-पूजन तथा सायंकाल संगीतमय कथा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।


आज की कथा में युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के देवदूत आचार्य जीवन प्रकाश एवं संगीत आचार्य शिवम् ने संगीतमय शैली में मानव जीवन को सफल बनाने के सूत्र सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि सद्कर्म, संयम, सेवा और साधना ही जीवन को श्रेष्ठता की ओर ले जाते हैं। कथा के दौरान सुधन्वा और अर्जुन के मध्य प्रसंग का मार्मिक वर्णन किया गया, जिसमें पुण्य कर्मों के प्रभाव से युद्ध का परिणाम निर्धारित होने तथा अंततः धर्म की विजय का संदेश दिया गया। नभमंडल से पुष्पवर्षा के दिव्य दृश्य का वर्णन सुनकर श्रोता भावविभोर हो उठे।


कथावाचक ने चारों आश्रमों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए गृहस्थ आश्रम को समाज निर्माण की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि आदर्श गृहस्थ ही संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक उमेश चन्द्र तिवारी रहे, जबकि शशांक शेखर तिवारी, सुधांशु तिवारी, योगी प्रजापति, घनश्याम गौतम, विभूति प्रसाद, छेदी लाल मौर्य, डॉ. बृजेश विश्वकर्मा, सुधाकर तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी सहित समस्त ग्रामवासियों ने श्रद्धापूर्वक सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *