उधार के रुपये लौटाने को लेकर सभासद पर मुकदमा, कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने शुरू की जांच

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। नगर पालिका परिषद महराजगंज के एक वार्ड सभासद के खिलाफ उधार लिए गए रुपये वापस न करने और धमकी देने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र के चिउरहा वार्ड की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2025 में सभासद ने पारिवारिक आवश्यकता बताकर उनसे एक लाख रुपये उधार लिए थे। महिला का कहना है कि धनराशि चेक के माध्यम से दी गई थी और तय समय में वापस करने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन समय बीतने के बाद भी रुपये नहीं लौटाए गए।


पीड़िता के मुताबिक कई बार धनराशि वापस मांगने पर उसे टालमटोल किया जाता रहा। आरोप है कि बाद में रुपये मांगने पर अभद्र व्यवहार किया गया और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई।


महिला ने न्याय पाने के लिए पहले कानूनी नोटिस भेजा तथा अन्य माध्यमों से भी समाधान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित सभासद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।


पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *