गलत इंजेक्शन से किशोरी की मौत, झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


महराजगंज, 1 मई 2026। जनपद में अवैध चिकित्सकों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गलत इंजेक्शन लगाने से किशोरी की मौत के मामले में आरोपी झोलाछाप डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटहरा खास टोला उसरहवा निवासी 16 वर्षीय किशोरी के पैर में फोड़ा-फुंसी होने पर परिजन उसे गांव के ही एक कथित डॉक्टर के पास इलाज के लिए ले गए। आरोप है कि बिना किसी वैध चिकित्सकीय योग्यता के आरोपी ने किशोरी को इंजेक्शन लगा दिया, जिसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई।


परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में आक्रोश फैल गया।


मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेन्द्र (40 वर्ष) पुत्र रामबेलास, निवासी कटहरा टोला उसरहवा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी महज छठवीं पास है और अवैध रूप से इलाज कर रहा था।


पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नागेन्द्र मणि, आयुष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *