महराजगंज के नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर आजाद नगर में विवाद ने लिया हिंसक रूप, 10 घायल; चार की हालत गंभीर होने पर किया गया रेफर
परतावल/ महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर छह स्थित आजाद नगर (कुर्मी टोला) में रास्ते पर ईंट रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिससे दोनों ओर के कुल 10 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी रामनरेश यादव अपने मकान निर्माण कार्य के लिए घर के सामने ईंट रखवा रहे थे। इसी बात को लेकर शनिवार शाम राजेंद्र राजभर पक्ष ने रास्ता अवरुद्ध होने का आरोप लगाते हुए आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और दोनों पक्षों को चौकी बुलाया।
रविवार सुबह दोनों पक्षों के प्रतिनिधि चौकी पहुंचे, जहां पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव में फिर से विवाद भड़क उठा। आरोप है कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। संघर्ष के दौरान लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थरों का भी प्रयोग किया गया।
झड़प में एक पक्ष के गोविंद राय, हरेन्द्र राय, किशन राय, दुर्गावती देवी, गुड्डी राजभर, खुशी तथा गर्भवती किरण राजभर घायल हो गए। इनमें दुर्गावती देवी का हाथ तीन जगह से फ्रैक्चर हो गया, जबकि हरेन्द्र राय और किशन राय की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरे पक्ष से पप्पू यादव, उनकी पुत्री शिल्पा यादव और पुत्र सचिन यादव घायल हुए। पप्पू यादव के सिर में गंभीर चोट लगने के साथ हाथ भी टूट गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।
चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामले में संजय यादव और राजेंद्र राजभर के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। वहीं श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है तथा स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

