सिसवा विकास खंड के चैनपुर गांव में नाली व आरसीसी निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। जनपद के सिसवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चैनपुर में नाली एवं आरसीसी सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जांच की मांग उठाई है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है, जिससे कुछ ही समय में सड़क और नाली क्षतिग्रस्त होने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में कराए गए आरसीसी निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। सीमेंट और गिट्टी की मात्रा कम होने के कारण सड़क जगह-जगह से टूटने लगी है, वहीं नाली निर्माण में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया।

आरोप है कि निर्माण कार्य बिना सही मापदंड के जल्दबाजी में पूरा कराया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। बीच सड़क में गड्ढे दिखाई दे रहा है जिसमें नाली की पानी का जल जमाव हमेशा बना रह रहा है। ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

गांव के लोगों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे। वहीं इस मामले को लेकर गांव में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *