सूने मकान में चोरी, लाखों के जेवरात व सामान ले उड़े बदमाश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परिवार श्राद्ध कार्यक्रम में गया था, लौटने पर टूटा मिला ताला; इलाके में दहशत


परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के पड़ताल चौराहे स्थित शिव नगर मोहल्ले में बीती रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।


बताया जा रहा है कि मोहल्ला निवासी नरेंद्र पटेल अपने परिवार के साथ सिसवा क्षेत्र में आयोजित एक श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इसी दौरान रात में अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर झुमका, पायल, पवजेब समेत अन्य बहुमूल्य आभूषण और जरूरी सामान समेट लिया।


परिवार जब वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।


इस संबंध में चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *