घुघली में नियमों की खुलेआम अनदेखी, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग
हर्षोदय टाइम्स/बिमलेश कुमार पाण्डेय
घुघली /महराजगंज : घुघली थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी का एक गंभीर मामला सामने आया है। सोमवार को रामपुर मोड़ निवासी रंजीत स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन सड़क पर गिर गया। उन्होंने पीछे से आ रहे बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन जो हुआ वह चौंकाने वाला था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक चला रहा नाबालिग युवक न केवल नहीं रुका, बल्कि उसने सड़क पर गिरे मोबाइल पर ही बाइक चढ़ा दी और मौके से निकलने की कोशिश करने लगा। इस हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक सवार को पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि बाइक पर नाबालिग युवक के साथ उसकी मां और बहन भी सवार थीं, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी आम होती जा रही है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।
पीड़ित रंजीत ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी और घुघली थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर कितनी सख्ती बरती जाती है।

