पनियरा में भाकियू की हुंकार, जनसमस्याओं पर सौंपा पांच सूत्रीय ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


आवासीय व जल शुल्क खत्म करने, स्मार्ट मीटर पर रोक और अधूरे कार्य पूरे कराने की मांग


पनियरा/महराजगंज।नगर पंचायत पनियरा में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की बैठक में जनसमस्याओं को लेकर तीखी आवाज उठी। बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने अधिशासी अधिकारी को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।


बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी से आम जनता, विशेषकर गरीब वर्ग, काफी परेशान है। उन्होंने आवासीय शुल्क और जल शुल्क को समाप्त कर राहत देने की मांग उठाई। साथ ही ठेकेदारी प्रथा खत्म करने पर जोर देते हुए कहा गया कि इससे विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।


भाकियू नेताओं ने वार्ड संख्या 13 में अधूरे पड़े पक्के निर्माण कार्यों और इंटरलॉकिंग सड़क को जल्द पूरा कराने की मांग की। इसके अलावा राशन कार्ड से कटे नामों को पुनः जोड़ने तथा बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों पर रोक लगाने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।


ज्ञापन सौंपते हुए जिला अध्यक्ष राम अशीष ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई।


इस पर अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए कुछ समस्याओं का समाधान तत्काल कराया जाएगा, जबकि अन्य को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।

इस अवसर पर पृथ्वीराज, राजेंद्र सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष), मुरारी प्रसाद धारियां (ब्लॉक संगठन मंत्री), इकबाल अहमद सहित अन्य कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *