हर्षोदय टाइम्स /बिमलेश कुमार पाण्डेय
भिटौली (महराजगंज): भिटौली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में वाहन चला रहे सेवानिवृत्त फौजी की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के शिव नगर वार्ड नंबर 9 निवासी संतोष कुमार वर्मा अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ बाबा धाम दर्शन कर लौट रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे सोहरौना राजा के पास नहर पटरी पर चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकराते हुए गड्ढे में पलट गया।
हादसे में संतोष वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायलों में सुमन वर्मा (42), गौरव वर्मा (12), जितेंद्र वर्मा (35), रागिनी वर्मा (32), निर्मला देवी (55), रामदयाल वर्मा (60), जीत वर्मा (3), कृष्णा वर्मा (7) और आराध्या वर्मा (8) शामिल हैं। सभी को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल निर्मला देवी और रामदयाल वर्मा को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।
मृतक संतोष वर्मा सेवानिवृत्त फौजी थे और वर्तमान में विद्युत उपकेंद्र भिटौली में गार्ड के रूप में कार्यरत थे।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का उपचार जारी है।

