हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- सिसवा कस्बे में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच द्वारा भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बजरंग बली के जयघोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
प्रातःकाल श्रीश्याम मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर गाजे-बाजे के साथ आगे बढ़े। यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों—फलमंडी, प्रेमचित्र मंदिर मार्ग, सब्जी मंडी, स्टेट चौक, श्रीरामजानकी मंदिर, अमरपुरवा और गोपाल नगर से होते हुए हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंची। मार्ग में भक्ति का अनूठा नजारा देखने को मिला। महिला श्रद्धालु जहां निशान पताका लिए श्रद्धा भाव से चल रही थीं, वहीं युवा और अन्य भक्त भक्ति गीतों पर झूमते हुए जयकारे लगा रहे थे।
यात्रा के दौरान वातावरण पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा। हनुमान गढ़ी मंदिर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर कृष्णा सुरेका, महेंद्र अग्रवाल, अरुण टिबड़ेवाल, प्रमोद बागला, मुरारी लाल कलकतिया, अंकित केडिया, अश्वनी भालोटिया, शिव अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, मानस गाड़िया, रवि सिंहानिया, हर्षित भालोटिया, मुकेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, उषा अग्रवाल,एकता अग्रवाल, कमला तुलस्यान, संगीता अग्रवाल, पुष्पा टिबड़ेवाल, किरन शर्मा और श्यामा अग्रवाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

