टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया का टेट अनिवार्यता के खिलाफ विशाल धरना

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


हजारों शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय पर किया प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को बताया ‘काला कानून’

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। गुरुवार, 26 फरवरी को टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर टेट अनिवार्यता के विरोध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय परिसर, महराजगंज में विशाल धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी, डॉ. त्रिभुवन नारायण गोपाल, मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र एवं उपेन्द्र पाण्डेय ने किया।


धरना-प्रदर्शन में जनपद के सभी विकास खण्डों से आए विभिन्न शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों तथा हजारों शिक्षकों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने टेट अनिवार्यता को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा लागू की जा रही यह अनिवार्यता प्रदेश के लगभग तीन से चार लाख शिक्षकों के भविष्य को प्रभावित कर रही है।


जिला अध्यक्ष केशव मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि इस निर्णय के खिलाफ शिक्षकों को चट्टानी एकता के साथ संघर्ष करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि शिक्षक संगठित रहे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी।


हिसामुद्दीन अंसारी, दिनेश यादव, ज्ञान्ती देवी और विजय प्रताप पाण्डेय ने भी शिक्षकों को एकजुट रहने का आह्वान किया। वक्ता दिनेश मणि त्रिपाठी ने टेट अनिवार्यता के विरोध में अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित शिक्षकों ने सराहा।


रविन्द्र शर्मा ने कहा कि यदि योग्यता परीक्षण अनिवार्य करना है तो सभी विभागों में समान रूप से लागू किया जाए, यहां तक कि जनप्रतिनिधियों पर भी इसे लागू किया जाना चाहिए। राघवेन्द्र पाण्डेय, मनोज वर्मा, अखिलेश पाठक एवं दिनेश कुमार सिंह ने भी जोशीले संबोधन से शिक्षकों में उत्साह का संचार किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष बैजनाथ सिंह ने कहा कि शिक्षकों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।


कार्यक्रम के अंत में जिला मंत्री सत्येंद्र कुमार मिश्र ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन पढ़कर सुनाया, जिसे जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार को भेजने की घोषणा की गई। संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रिद्धि पाण्डेय को ज्ञापन सौंपा।


धरना-प्रदर्शन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। शिक्षकों ने एक स्वर में टेट अनिवार्यता वापस लेने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *