भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 2600 किलो तुर्की मक्का व कद्दू के बीज बरामद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए पिकअप वाहन से भारी मात्रा में तुर्की मक्का और कद्दू के बीज बरामद किए हैं। जब्त माल को सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।


जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को समवाय मुख्यालय सोनौली की टीम को सूचना मिली कि नेपाल से एक व्यक्ति पिकअप वाहन में अवैध सामान लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करने वाला है। सूचना मिलते ही समवाय प्रभारी के नेतृत्व में विशेष नाका दल का गठन किया गया। टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास घेराबंदी कर सघन निगरानी शुरू कर दी।


दोपहर करीब तीन बजे सीमा स्तंभ संख्या 516 से लगभग 800 मीटर भारतीय सीमा की ओर आती एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 90 बैग तुर्की मक्का (प्रत्येक 25 किलोग्राम) कुल 2250 किलोग्राम तथा 10 बैग कद्दू के बीज (प्रत्येक 35 किलोग्राम) कुल 350 किलोग्राम बरामद किए गए। इस प्रकार कुल 2600 किलोग्राम अवैध कृषि उत्पाद जब्त किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तुर्की मक्का और कद्दू के बीज नेपाल से सस्ते दामों पर खरीदकर भारत के विभिन्न शहरों, विशेषकर गोरखपुर और दिल्ली तक भेजे जाते हैं। कद्दू के बीज 500 से 600 रुपये प्रति किलो तक बेचकर भारी मुनाफा कमाया जाता है।


सुरक्षा एजेंसियों ने जब्त सामान और आरोपी को आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर 20 फरवरी 2026 को सीमा शुल्क कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया। मामले में आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *