नाम और जन्मतिथि बदलकर विदेश यात्रा का रचा साजिश, मुकदमा दर्ज
महराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में पासपोर्ट बनवाने को लेकर गंभीर फर्जीवाड़े का मामला उजागर हुआ है। हरपुर तिवारी निवासी अकवाल पुत्र रामातुल्लाह पर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे दो अलग-अलग पासपोर्ट हासिल करने का आरोप लगा है। नाम और जन्मतिथि में हेरफेर कर किए गए इस खेल के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वर्ष 2009 में जारी कराए गए पहले पासपोर्ट में अपनी जन्मतिथि 1 जनवरी 1972 दर्ज कराई थी, जबकि वर्ष 2017 में बने दूसरे पासपोर्ट में जन्मतिथि 20 मई 1980 दर्शाई गई। दोनों पासपोर्ट के विवरणों में भारी अंतर पाए जाने पर मामला संदिग्ध हो गया और इसकी सूचना क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय लखनऊ से स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही श्यामदेउरवां पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की, जिसमें कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई। उप निरीक्षक राजेश सिंह की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सभी दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और दोष सिद्ध होने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

