हर्षोदय टाइम्स संवाददाता
श्यामदेउरवां (महराजगंज)। प्रेम प्रसंग में दरार पड़ते ही एक नाबालिग प्रेमिका का गुस्सा इस कदर बढ़ गया कि वह सीधे थाने पहुंच गई। मामला श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां किशोरी ने अपने प्रेमी पर शादी से मुकरने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, युवक दिवाली की रात अपने ननिहाल गया था। वहीं उसके मामा के घर के बगल में रहने वाली किशोरी से उसकी मुलाकात हुई। बातचीत के दौरान युवक के मोबाइल पर किसी अन्य युवती का फोन आ गया। शक होने पर किशोरी ने मोबाइल छीनकर बात की, तो खुलासा हुआ कि वह युवक की दूसरी प्रेमिका है। यह सुनते ही किशोरी भड़क उठी और युवक से तुरंत शादी करने की जिद करने लगी।
युवक के इंकार करने पर नाराज किशोरी अगले दिन थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से शिकायत कर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही दोनों पक्षों के परिजन भी थाने पहुंच गए। काफी समझाने-बुझाने के बाद किशोरी शांत हुई और परिजनों के साथ घर लौट गई।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि किशोरी या उसके परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है।

