पंचायत इंटर कॉलेज परतावल में इसरो स्पेस क्विज प्रतियोगिता सम्पन्न, इसरो के वैज्ञानिकों ने बच्चों को दिया सफलता का मंत्र

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

  • “महराजगंज में चमके नन्हें वैज्ञानिक, इसरो ने दिया सफलता का मंत्र”
  • “आर्ट इन स्पेस और स्पेस क्विज़: 480 छात्रों की प्रतिभा ने बटोरी तालियां”
  • पंचायत इंटर कॉलेज बना विज्ञान का केंद्र, इसरो वैज्ञानिक ने जगाई अंतरिक्ष की लौ”
  • कुशीनगर में रॉकेट प्रतियोगिता के लिए होंगे चयनित 6 प्रतिभागी”

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल/ महराजगंज: शनिवार को पंचायत इंटर कॉलेज परतावल बाजार में आर्ट इन स्पेस और स्पेस क्विज 20:20 की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसरो-इनस्पेस एवं एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में नमस्कार फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर से चयनित 480 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि इसरो वैज्ञानिक कमलेंद्र कृष्ण त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक में करियर बनाने के प्रेरक सूत्र दिए। उन्होंने कहा कि मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयास सफलता का मूल मंत्र हैं। उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक सोच अपनाने और शिक्षा में अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।

विशिष्ट अतिथियों ने भी बच्चों की भागीदारी को सराहा। परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने कहा कि महाराजगंज के विद्यार्थियों ने जिस उत्साह से भाग लिया, वह हमारे शैक्षिक स्तर की सकारात्मक दिशा को दर्शाता है। पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने छात्रों को शिक्षा और वैज्ञानिक सोच के साथ जीवन संवारने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंचायत इंटर के संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि यह प्रतियोगिता बच्चों के भविष्य को विज्ञान और नवाचार की दिशा में प्रेरित करने का अवसर है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि इतने बड़े स्तर पर विद्यार्थियों की भागीदारी गर्व का विषय है।

प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ल ने बच्चों के जोश और लगन को भविष्य की मजबूत नींव बताया। कार्यक्रम संयोजक उत्कर्ष मिश्रा ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण में जिले के सभी ब्लॉकों में कक्षा 5 से 8 के 1800 तथा कक्षा 9 से 12 के 3600 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक ब्लॉक से चयनित 40-40 विद्यार्थियों ने फाइनल राउंड में प्रतिस्पर्धा की।

कार्यक्रम के दौरान सभी नोडल शिक्षकों का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। बच्चों में शिक्षा, विज्ञान और तकनीक के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनके योगदान की सराहना की गई। मंच संचालन सुरज गुप्ता ने किया।

छह चयनित छात्र आगे कुशीनगर के तुर्कपटी में सेटेलाइट और रॉकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *