मनबढ़ युवक ने तीन मासूम बच्चियों पर बरसाईं गोलियां, घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज,आरोपी फरार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज।सिंदुरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा टोला पुरुषोत्तमपुर गांव में गुरुवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मनबढ़ युवक ने तीन नाबालिग बच्चियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोलीकांड में प्रतिमा नाम की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसके शरीर में आधा दर्जन से अधिक छर्रे धंसे हुए हैं। जिला अस्पताल में उसका ऑपरेशन जारी है। वहीं दो अन्य बच्चियां भी घायल बताई जा रही हैं।

घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों में दहशत और गुस्से का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक गौतम सिंह ड्रोन कैमरे की अफवाह पर गुस्से में आ गया और बच्चियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी के बाद वह पल्सर बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि उसकी मोटरसाइकिल पर खुलेआम “प्रेस” लिखा हुआ था, जिससे उसने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी।

सूत्रों के अनुसार आरोपी की पिस्तौल पहले भी पुलिस ने जब्त की थी। इसके बावजूद वह दोबारा अवैध तरीके से हथियार लेकर घूम रहा था। यह घटना पुलिस प्रशासन की बड़ी लापरवाही को उजागर करती है।

घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस ने दबिश देने के लिए कई टीमों को लगाया है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका। इससे लोगों में आक्रोश और बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस यदि पहले से ही कड़ाई बरतती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। अब देखना यह है कि पुलिस आरोपी को कितनी जल्दी पकड़ पाती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिलता है।

जिलाधिकारी हादसे में घायल से मिलने अस्पताल पहुंचे और डॉक्टर से घायलों के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *