हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। पनियरा विकासखंड के ग्राम सभा राजमंदिर में शनिवार को महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मिशन शक्ति, नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन अभियान के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अंतर्गत सक्रिय स्वयं सहायता समूहों की सखियों द्वारा संचालित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर पनियरा ब्लॉक प्रमुख वेदप्रकाश शुक्ला, ग्राम प्रधान देयान्ती देवी, महिला कल्याण विभाग से रत्ना तिवारी और ब्लॉक मिशन मैनेजर (BMM) गायत्री उपस्थित रहीं। इनके अलावा बैंक सखी अनीता भारती, समूह सखी सरिता तथा CLF प्रबंधक संध्या चौरसिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।
महिला कल्याण विभाग की ओर से उपस्थित महिलाओं को बेबी किट, पैम्पर्स और बेबी निपल्स का वितरण किया गया। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में समूह सखियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, आर्थिक रूप से सशक्त होने और अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही उन्हें सामाजिक अधिकारों और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अपनी भूमिका मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।




 
	 
						 
						