भिटौली पुलिस की फुर्तीली कार्रवाई: 10 घंटे में साइबर ठगी के ₹13,000 लौटाए

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स /विवेक कुमार पाण्डेय

भिटौली/महराजगंज। भिटौली पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए साइबर ठगी के शिकार एक पीड़ित को सिर्फ 10 घंटे में राहत पहुंचाई। थाना भिटौली साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तकनीकी जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पीड़ित के खाते में ₹13,000 की पूरी राशि वापस दिला दी।

घटना 10 अगस्त 2025 की है, जब लक्ष्मीपुर खास निवासी अरमान आलम से ठगों ने लिंक भेजकर ओटीपी प्राप्त किया और खाते से ₹13,000 उड़ा लिए। पीड़ित ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष भिटौली के नेतृत्व में म0उ0नि0 पूजा सिंह, क0ऑ0 ग्रेड-B परवेज आलम, आरक्षी दिग्विजय वर्मा और म0आरक्षी अन्नू त्रिपाठी की टीम ने तेजी से काम करते हुए महज 10 घंटे में राशि वापस कराई।

राशि मिलने पर पीड़ित ने टीम का आभार जताया और कहा कि इस तरह की त्वरित कार्रवाई से जनता का भरोसा पुलिस पर और मजबूत होता है। यह उपलब्धि साइबर अपराध रोकथाम व पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की एक और बड़ी सफलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *