यातायात पुलिस ने किया सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, तेज रफ्तार पर कसी लगाम।
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
(परतावल) महराजगंज पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा के निर्देशन में आज जनपद महराजगंज में यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा व नियमों के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन किया गया।
अभियान के तहत महराजगंज-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर स्थित सेमरा टोल प्लाजा के पास स्पीड राडार गन की मदद से तेज गति से चलने वाले वाहनों की जांच की गई। ओवर स्पीडिंग के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु यह विशेष कार्यवाही की गई।
वाहन चालकों को मौके पर रोका गया और उन्हें तेज गति से वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही भी की गई।
इस दौरान कुल 17 वाहन चालकों का चालान किया गया, जिससे कुल ₹34,000 का जुर्माना वसूला गया।
यातायात प्रभारी अरुड़ेंन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा ताकि सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके और दुर्घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके।
