हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। नेपाल में हुई त्रासदी के बाद नारायणी/गंडक नदी के तेज बहाव में बहकर भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र तक पहुंचे चार शवों को बरामद किए जाने के बाद रविवार देर रात नेपाल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। बरामद शवों में तीन महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल था।


बताया जा रहा है कि एसएसबी की सूचना के बाद संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों ने नदी से चारों शवों को बाहर निकालकर सुरक्षित कराया था। आशंका जताई गई कि सभी शव नेपाल क्षेत्र से नदी के तेज बहाव में बहकर भारतीय सीमा क्षेत्र में पहुंचे थे। उस समय शवों की पहचान नहीं हो सकी थी।
नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शवों का पंचनामा कराया गया और उन्हें पोस्टमार्टम सहित आवश्यक औपचारिकताओं के लिए महराजगंज भेजा गया। इसके बाद दोनों देशों के प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर शवों को नेपाल पुलिस को सौंपने की कार्रवाई की गई।
बीती रात निचलौल थानाध्यक्ष योगेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महराजगंज मोर्चरी से शव वाहन के माध्यम से चारों शवों को ठूठीबारी पहुंचाया। वहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चारों शव नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए।
घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन द्वारा नदी तटीय इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। नेपाल में हुई त्रासदी के बाद नदी में बहकर आने वाले लोगों और शवों को लेकर सीमा क्षेत्र में लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
