फरेंदा/महराजगंज। जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से उनका पारिवारिक और राजनीतिक जुड़ाव पुराना रहा है तथा वह वर्ष 2027 में इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर जनता की सेवा करेंगे। हालांकि उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमरमणि त्रिपाठी ने कहा कि फरेंदा विधानसभा उनके परिवार की कर्मस्थली रही है। उनके चाचा श्यामनारायण त्रिपाठी सात बार फरेंदा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और लंबे समय तक क्षेत्र की जनता की सेवा की। उन्होंने कहा कि अब उम्र अधिक होने के कारण उनके चाचा सक्रिय राजनीति से दूर हैं, लेकिन उनका हमेशा यही कहना रहा है कि फरेंदा विधानसभा की जनता को कभी नहीं भूलना चाहिए और क्षेत्र की सेवा जारी रखनी चाहिए।
पूर्व मंत्री ने कहा, “मेरे चाचा श्यामनारायण त्रिपाठी की इच्छा है कि मैं फरेंदा विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करूं। इसी भावना के साथ मैंने वर्ष 2027 में फरेंदा विधानसभा से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है।”
उन्होंने कहा कि फिलहाल यह तय नहीं है कि वह किस राजनीतिक दल से चुनाव लड़ेंगे। समय आने पर इसकी जानकारी जनता के सामने दी जाएगी।
अपने संबोधन में अमरमणि त्रिपाठी ने क्षेत्र के विकास को लेकर पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो सका और अधिकांश जनप्रतिनिधि विकास कार्यों के बजाय अन्य गतिविधियों में लगे रहे। उन्होंने कहा कि फरेंदा विधानसभा क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर प्रयास की आवश्यकता है।
जनसंवाद कार्यक्रम में उनके इस बयान के बाद फरेंदा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

