धर्मपुर में ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर कराई ड्रेन की सफाई, 120 एकड़ धान की फसल बचाई

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


जल निकासी की समस्या से परेशान किसानों ने जेसीबी लगवाकर खुलवाया रास्ता, प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


परतावल/महराजगंज। परतावल विकासखंड क्षेत्र की ग्राम सभा धर्मपुर के बड़ा टोला में जल निकासी की गंभीर समस्या से परेशान ग्रामीणों ने आपसी सहयोग की मिसाल पेश की है। प्रशासनिक स्तर पर समय से मदद नहीं मिलने पर ग्रामीणों ने स्वयं चंदा एकत्र कर जाम पड़ी ड्रेन की सफाई जेसीबी मशीन से कराई। ग्रामीणों की इस पहल से करीब 120 एकड़ धान की फसल को जलभराव के खतरे से बचाने में राहत मिली है।


जानकारी के अनुसार, ड्रेन जाम होने के कारण आसपास के खेतों में पानी जमा हो गया था। खेतों में लगातार जलभराव से धान की तैयार फसल पर संकट मंडराने लगा था। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते पानी की निकासी नहीं होती तो धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता था।


ग्रामीणों के अनुसार, जल निकासी बाधित होने से न केवल धान की कटाई प्रभावित होने की आशंका थी, बल्कि आगामी रबी सीजन में गेहूं की बुवाई भी संकट में पड़ सकती थी। खेती ही अधिकांश ग्रामीणों की आजीविका का प्रमुख साधन है, ऐसे में फसल को बचाने के लिए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से धनराशि जुटाई और जेसीबी मशीन लगवाकर ड्रेन की सफाई कराई।


ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की ड्रेन की नियमित सफाई कराई जाए तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसानों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


इस दौरान छेदी चौधरी, भीम बारी, बेचू चौधरी, योगेंद्र चौधरी, शेषनाथ चौधरी, रामाश्रय यादव, राजेश्वर यादव, वली मोहम्मद, जमीद अली, सफीउद्दीन, रामदवन चौधरी, सुदर्शन चौधरी, मोहित अली, प्रभु चौधरी, उमेश चौधरी, साजिद अली और सुग्रीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *