परतावल में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

‘बूथ की मजबूती ही चुनावी विजय का आधार’ : डॉ. समीर सिंह, विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने कार्यकर्ताओं का किया सम्मान


परतावल (महराजगंज)। पनियरा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का वृहद बूथ अध्यक्ष सम्मेलन संगठन की मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने भाजपा की संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. समीर सिंह रहे। सम्मेलन का संयोजन युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने किया, जबकि वरिष्ठ नेता अंगद गुप्ता ने कार्यक्रम का संचालन किया।


इस अवसर पर पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और उनके समर्पण एवं परिश्रम के बल पर ही भारतीय जनता पार्टी लगातार जनता का विश्वास जीत रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक अभियानों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।


मुख्य अतिथि डॉ. समीर सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि चुनाव केवल बड़े मंचों से नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क और संगठन की मजबूती से जीते जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने तथा प्रत्येक बूथ को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।


सम्मेलन में वक्ताओं ने भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित राजनीति, अनुशासन और संगठनात्मक कार्यशैली को पार्टी की सबसे बड़ी पहचान बताते हुए बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।


इस अवसर पर नगर पंचायत परतावल के चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, परतावल ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, पनियरा चेयरमैन उमेशचन्द जायसवाल, शुभलक्ष्मी सिंह, मधु पाण्डेय, ममता भारती, प्रज्ञा मिश्रा, जिला महामंत्री बब्लू यादव, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, जनार्दन सिंह, देवेन्द्र गिरि, अरविन्द चौधरी, उमेश प्रजापति सहित पनियरा विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


सम्मेलन के समापन पर कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा आगामी चुनावी तैयारियों में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *