NH 730 हाईवे पर अनियंत्रित होकर गिरी बाइक, युवक की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


सब्जी लेकर घर लौट रहे थे राजीव नायक, मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम; 20 दिन पहले ही बैंकॉक से आए थे


शिकारपुर/महराजगंज। महराजगंज-गोरखपुर हाईवे पर शिकारपुर थाना क्षेत्र के भिसवां माइनर के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रहा था। हादसे के बाद पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कृतपिपरा निवासी राजीव नायक (38) बुधवार रात सब्जी खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जब वह शिकारपुर पुलिस चौकी के समीप भिसवां माइनर के पास एटीएम के सामने पहुंचे, तभी अज्ञात कारणों से उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत हो गए।


राहगीरों की सूचना पर शिकारपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।


20 दिन पहले ही बैंकॉक से लौटे थे राजीव


राजीव नायक लंबे समय से बैंकॉक में रहकर काम करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब 20 दिन पहले ही वह घर लौटे थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


मृतक अपने पीछे पत्नी बबिता, दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। वह दो भाइयों में छोटे थे। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है।


जांच में जुटी पुलिस


भिटौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *