युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर डीएम-एसपी ने जताया शोक, परिजनों को बंधाया ढांढस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। लखनऊ में असामयिक निधन का शिकार हुए युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के पैतृक आवास पर  शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की तथा गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।


इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने राहुल सिंह के निधन को केवल उनके परिवार या महराजगंज जनपद ही नहीं, बल्कि देश के वैज्ञानिक समुदाय के लिए भी अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक का असमय निधन अत्यंत दुखद है। उनकी उपलब्धियां और वैज्ञानिक क्षेत्र में दिया गया योगदान सदैव युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।


अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवार को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि परिवार को हरसंभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा प्रकरण से जुड़े सभी आवश्यक पहलुओं पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


राहुल सिंह के आवास पर दिनभर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहा। सभी ने दिवंगत युवा वैज्ञानिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।


युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। उन्हें जानने वाले लोग उनकी प्रतिभा, सरल स्वभाव और वैज्ञानिक क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए भावुक नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *