हल्की बारिश में गिरी शिव मंदिर की दीवार, ग्रामीणों में आक्रोश; जांच व कार्रवाई की मांग
हर्षोदय टाइम्स / सुनील मणि त्रिपाठी
धानी बाजार/महराजगंज। धानी बाजार क्षेत्र के ग्राम सभा कानापार के टोला घुरक टोलिया स्थित शिव मंदिर की करीब 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित बाउंड्रीवाल हल्की बारिश के बाद भरभराकर गिर गई। निर्माण कार्य पूरा होने के महज एक माह के भीतर दीवार के ध्वस्त हो जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और सरकारी धन के दुरुपयोग को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, शिव मंदिर परिसर में कुछ समय पूर्व लगभग पांच लाख रुपये की लागत से धर्मशाला का निर्माण कराया गया था। इसके बाद मंदिर की सुरक्षा एवं सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद हल्की बारिश में ही दीवार गिर गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया तथा घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण बाउंड्रीवाल धराशायी हुई है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य की नियमित तकनीकी जांच और प्रभावी निगरानी की गई होती तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती और सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सकती थी।
ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं तकनीकी जांच कराने, दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा बाउंड्रीवाल का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव संदीप गौड़ ने बताया कि निर्माण कार्य का कुछ भुगतान अभी शेष है। उन्होंने कहा कि जो बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त होकर गिर गई है, उसे दोबारा मानकों के अनुरूप ठीक कराया जाएगा।

