20 साल पुराने हत्याकांड के फैसले के बाद कोर्ट परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा, युवक पेड़ पर चढ़ा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दशक पुराने चर्चित कन्हैया हत्याकांड में फैसला सुनाए जाने के बाद एक युवक भावनात्मक रूप से विचलित होकर परिसर में स्थित एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया। युवक ने आत्महत्या की चेतावनी दी, जिससे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, पनियरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2005 में हुए कन्हैया हत्याकांड के मामले में सोमवार को जिला न्यायालय ने अपना निर्णय सुनाया। फैसले के बाद मामले से जुड़े प्रवीण यादव नामक युवक की मानसिक स्थिति अस्थिर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह अचानक न्यायालय परिसर में एक पेड़ पर चढ़ गया और ऊंचाई से अपनी बात रखने लगा। इस दौरान उसने जान देने की धमकी भी दी।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं, वादकारियों और आम लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को गंभीर देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए।

करीब एक घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद अधिकारियों ने युवक को शांत किया। प्रशासन के आश्वासन और समझाइश के बाद वह पेड़ से नीचे उतर आया। पुलिस की सतर्कता और प्रशासन की सूझबूझ के चलते किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष धीरेंद्र मिश्रा ने बताया कि पुराने हत्या मामले में आए फैसले से आहत होकर युवक ने यह कदम उठाया था। पुलिस और प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया और न्यायालय परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखी।

घटना के बाद पूरे दिन न्यायालय परिसर में इस मामले की चर्चा होती रही। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *