यूपी में भीषण गर्मी का कहर, 32 जिलों में लू का खतरा

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


लखनऊ। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू को लेकर बड़ा चेतावनी संदेश जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। 25 अप्रैल तक गर्मी से राहत मिलने के कोई खास आसार नहीं हैं।


मौसम विभाग ने प्रयागराज, प्रतापगढ़ और सोनभद्र जिलों में अत्यधिक खतरे की स्थिति घोषित की है, जहां लू का असर बहुत गंभीर रहने की संभावना है। वहीं मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और भदोही में मध्यम से अधिक खतरे की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर और बस्ती समेत कई जिलों में भी लू को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है।


कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और लखीमपुर खीरी में भी गर्म हवाओं का प्रभाव देखने को मिलेगा। वहीं सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी।


मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें। अधिक से अधिक पानी पीने, हल्के व ढीले कपड़े पहनने और शरीर में पानी की कमी न होने देने की अपील की गई है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू के चलते जनजीवन प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *