मामूली विवाद में भाई बना भाई का कातिल, कैंची से हमले में किशोर की मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा नौका टोला की घटना, गांव में पसरा मातम

हर्षोदय टाइम्स/ बिमलेश कुमार पाण्डेय


महराजगंज। जनपद के घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौमुखा नौका टोला में सोमवार सुबह एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बड़े भाई ने अपने ही सगे छोटे भाई पर कैंची से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरज शर्मा (16) पुत्र उपेंद्र शर्मा का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा (15) से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि सूरज ने गुस्से में आकर लक्ष्मण पर कैंची से सिर और हाथ पर कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।


घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही घुघली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल महाराजगंज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *