हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
निचलौल/महराजगंज- अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को निचलौल में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं व मनरेगा श्रमिकों ने पदयात्रा निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। यह पदयात्रा बाली इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर चौक तिराहा, तहसील गेट और मुख्य चौराहा से होते हुए मंडी परिषद परिसर पहुंची, जहां सभा आयोजित की गई।
पदयात्रा का नेतृत्व जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने किया। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवेक्षक एवं पूर्व प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत की आजीविका का मजबूत आधार है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान नीतियों के कारण योजना की मूल भावना प्रभावित हो रही है और श्रमिकों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय लागू प्रावधानों को पुनः लागू करने की मांग उठाई।
https://youtu.be/NRBr67XYx_c?si=St4EbdRFtsWdMkso
जिलाध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने बताया कि बीते डेढ़ माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 30 से अधिक जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पदयात्रा में बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिकों की सहभागिता यह दर्शाती है कि ग्रामीण मजदूर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और शरद सिंह ‘बबलू’ ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जब रोजगार के अवसर सीमित हो गए थे, तब मनरेगा ने गांवों में काम देकर हजारों परिवारों को सहारा दिया। उनका कहना था कि यदि योजना को कमजोर किया गया तो इसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ कांग्रेस नेता शरदेंदु पांडे ने की, जबकि संचालन मनरेगा प्रभारी कपिल देव शुक्ला ने किया। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनीत सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रमिकों ने हरी पट्टी बांधकर पदयात्रा में भाग लिया।
कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मनरेगा मजदूर और किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में योजना को सुदृढ़ बनाए रखने की मांग को लेकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने की घोषणा की गई।


