परतावल मंडी में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, धान क्रय व्यवस्था से संतुष्ट दिखाई दिए किसान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। जिलाधिकारी  संतोष कुमार शर्मा ने बुधवार को परतावल मंडी पहुंचकर धान क्रय की स्थिति का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान क्रय अभिलेखों, निर्धारित चेकलिस्ट के अनुरूप तैयारियों एवं केंद्रों पर खरीद की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह ने बताया कि परतावल मंडी तृतीय पर 43 किसानों से 167.24 मी. टन तथा परतावल मंडी चतुर्थ पर 45 किसानों से 131.76 मी. टन धान की खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि परतावल मंडी क्षेत्र में कुल 07 धान क्रय केंद्र संचालित हैं, जिनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के परतावल प्रथम एवं द्वितीय, मण्डी समिति के 02 तथा भारतीय खाद्य निगम का 01 केंद्र शामिल है।

निरीक्षण के दौरान परतावल मंडी तृतीय पर किसान गंगा उपाध्याय (रामपुर) का लगभग 80 क्विंटल तथा परतावल मंडी चतुर्थ पर राजेन्द्र मिश्रा व उन्नय मिश्र (मधवापुर) का लगभग 35–35 क्विंटल धान तौल कराया जा रहा था। किसानों ने केंद्र की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए बताया कि पंजीकरण से लेकर विक्रय तक उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या नहीं हुई।

जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों से भी वार्ता की। उनके अनुसार परतावल मंडी प्रथम पर राजकुमार पटेल (लखिमाखस) का लगभग 175 क्विंटल, द्वितीय पर अलीरजा (बुद्धिरामपुर) का 60 क्विंटल, मण्डी समिति के परतावल प्रथम पर बलराम सिंह (धरमौली) का 25 क्विंटल तथा परतावल द्वितीय पर शैलेष मिश्रा (परतावल) का 37 क्विंटल धान तौला जा रहा है।

किसानों से संवाद के दौरान कुछ किसानों ने अंश निर्धारण से संबंधित समस्या बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि मामले को शासन को भेज दिया गया है और समस्या का निराकरण शीघ्र कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने खरीद प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि धान खरीद की गति तेज की जाए, किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लक्ष्य के अनुरूप खरीद समय से पूरी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को किसानों से संपर्क बढ़ाकर उन्हें धान बिक्री हेतु प्रेरित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, एसडीएम प्रेम शंकर पाण्डेय, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, केंद्र प्रभारी अजीत कुमार पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *