हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महाराजगंज, 23 सितम्बर 2025 : मिशन शक्ति फेज-5 के तहत पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा की कक्षा 8 की छात्रा संजीवनी को मंगलवार को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इस दौरान संजीवनी ने करीब 15 फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
सबसे अधिक मामले भूमि, पुलिस और ग्राम्य विकास विभाग से जुड़े सामने आए। संजीवनी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का तत्काल और उचित निस्तारण किया जाए। एक फरियादी के चुनावी विवाद में धमकी मिलने की शिकायत पर संजीवनी ने कोतवाल सदर से फोन पर बात कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संजीवनी को जिलाधिकारी के कार्य और जिम्मेदारियों के बारे में अवगत कराया। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत बेटियों का मनोबल बढ़ाने और महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। आने वाले दिनों में अन्य छात्राओं को भी एक दिन का एसपी, सीडीओ, बीएसए आदि बनाया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संजीवनी को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने अनुभव साझा करते हुए संजीवनी ने कहा कि “आज एक दिन की डीएम बनकर समझ आया कि जिलाधिकारी का दायित्व कितना बड़ा होता है। मैं भी मेहनत कर आईएएस बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती हूं।”
कार्यक्रम में एसडीएम प्रेम प्रकाश पांडेय, बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

