वन चौकी से महज 50 मीटर दूर जेसीबी से मिट्टी खनन, वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल

वन चौकी से महज 50 मीटर दूर जेसीबी से मिट्टी खनन, वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल


जंगल के करीब दिनदहाड़े खुदाई का आरोप, वनकर्मियों की भूमिका पर भी चर्चा; रेंजर ने जांच के लिए भेजी टीम


हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के पकड़ी वन रेंज अंतर्गत सलामतगढ़ में कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। आरोप है कि जगपुर वन चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर जेसीबी मशीन लगाकर दिनदहाड़े मिट्टी की खुदाई की जा रही है। जंगल के करीब और वन चौकी से चंद कदमों की दूरी पर हो रहे खनन ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, जगपुर वन चौकी पर वनकर्मियों की तैनाती के बावजूद जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई का काम जारी है। बताया जा रहा है कि खनन स्थल जंगल से भी करीब 100 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में लोगों के बीच चर्चा है कि वन चौकी के इतने नजदीक मशीन से खुदाई होने के बावजूद जिम्मेदार कर्मचारियों को इसकी जानकारी कैसे नहीं हो सकी।


इस संबंध में पकड़ी रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है।


अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मिट्टी खनन के लिए कोई अनुमति ली गई है या नहीं। यदि खनन अवैध पाया जाता है तो इसमें शामिल लोगों के साथ-साथ लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई होगी या नहीं, यह देखना होगा। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Secret Link